You are currently viewing 10,500 रुपये रिश्वत लेते एएसआइ गिरफ्तार

10,500 रुपये रिश्वत लेते एएसआइ गिरफ्तार

(हलचल नेटवर्क)
पटियाला की विजिलेंस टीम ने थाना दिड़बा के एएसआइ कर्म सिंह को 10,500 रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया। विजिलेंस ने एएसआइ के खिलाफ मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई आरंभ कर दी है। विजिलेंस इंस्पेक्टर प्रितपाल सिंह ने बताया कि शिकायतकर्ता सुखविंदर सिंह निवासी मुंशीवाला तहसील दिड़बा का अपने पड़ोसी से झगड़ा हो गया था जिस कारण थाना दिड़बा में 14 मई, 2019 को विभिन्न धाराओं के तहत दूसरे पक्ष के खिलाफ मामला दर्ज हुआ था। दूसरे पक्ष ने उनके व उसके परिवार के खिलाफ क्रॉस केस दर्ज करवाया था। इस मामले में दोनों पक्षों के बीच राजीनामा होने के बाद दर्ज पर्चे को रद करवाने के बदले में एएसआइ कर्म सिंह थाना दिड़बा ने 25 हजार रुपये रिश्वत की मांग की। इस पर सौदा 20,500 रुपये में तय हो गया। एएसआइ कर्म सिंह शिकायकर्ता से दस हजार रुपये पहले ही हासिल कर चूका था। इसी संदर्भ में आज जब एएसआइ कर्म सिंह 10,500 रुपये रिश्वत ले रहा था, तो विजिलेंस टीम के इंस्पेक्टर प्रितपाल सिंह ने उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।