जालंधर के नए मेयर पद के लिए नाम की घोषणा हो सकती है आज

जालंधर
जालंधर(विनोद मरवाहा)
पंजाब में कुर्सी हासिल करते ही कांग्रेस हर लिहाज से बदलाव दर बदलाव कर रही है। राज्यों के चुनाव हों या निकायों के सभी में परंपरागत की बजाय पार्टी नए तरीके से लड़ी है।निगम चुनावों में नए उम्मीदवारों को मौका देकर कांग्रेस ने एक ओर बदलाव की सोच दर्शाई तो संकेत यह भी दिया कि जालंधर को एक ऐसा नया मेयर मिलेगा, जो अनुभवी होने के साथ साथ सभी को एक जुट कर शहर का विकास करवाने में सक्षम होगा।

अपनी इसी सोच पर मोहर लगते हुए कांग्रेस ने जालंधर मेयर का नाम लगभग तय कर लिया है। नाम की घोषणा 17 जनवरी को दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ सीएम अमरिंदर सिंह, प्रदेश प्रधान सुनील जाखड़ व प्रदेश इंचार्ज आशा कुमारी की होने वाली बैठक में किए जाने की संभावना है। सीएम अमरिंदर सिंह दिल्ली से लौट कर इसकी घोषणा करेंगे।
सूत्रों की मानें तो दूसरी ओर पंजाब कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने लगभग मेयर के नाम का चयन कर लिया है। कांग्रेस सूत्रों के अनुसार पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने इस मुद्दे पर विस्तार से चर्चा की व सबने एक मत से छह बार पार्षद चुनाव जीते व 10 साल तक नेता विपक्ष रहे जगदीश राजा का नाम लगभग तय कर लिया है। सूत्रों का कहना है कि उन्होंने केंद्रीय नेतृत्व को भी संदेश दे दिया है कि जगदीश राज राजा के नाम पर सबकी सहमति है।

शहर के सभी चारों विधायकों ने भी अपनी राय हाईकमान के सामने रख दी है। उनका भी कहना है कि मेयर नगर निगम कार्यों में अनुभवी हो तथा लोगों को मूल भूत सुविधाएँ प्रदान करवाने में भी सक्षम हो।